देवास। मक्सी नगर के शराफत खान ऊर्फ पाशू सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट बन गए हैं | भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने शराफत का रजिस्ट्रेशन जारी किया | यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे शाजापुर ज़िले के पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने कॉलेज की पढ़ाई इंदौर में रहकर की है| अधिकृत जानकारी के अनुसार मप्र में अब तक कुल 147 और देश में केवल 1472 सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट हैं|
उल्लेखनीय है कि सेबी रिसर्च एनालिस्ट के लिए परीक्षा आयोजित करती है और उसमें क्वालिफाइड लोग कुछ और आवश्यक अर्हताओं के साथ सेबी में रजिस्टर्ड होने के लिए पात्र होते हैं| शराफत मक्सी नगर के सेवानिवृत शिक्षक मो. हनीफ खान के पुत्र हैं और पिछले 20 सालों से मीडिया क्षेत्र में काम कर रहे हैं| वे जर्मन सरकार के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर डॉयचे वेले के लिए भी जर्मनी में रहकर काम कर चुके हैं | फिलहाल शराफत दिल्ली में एक नामी मीडिया हाउस ( द इकोनॉमिक टाइम्स) में फाइनेंशियल कंटेंट एक्सपर्ट के रूप में काम कर रहे हैं |शराफत की स्कूली शिक्षा मक्सी के शासकीय तिलक माध्यमिक विद्यालय से हुई और इसके बाद उन्होंने इन्दौर के होल्कर साइंस कॉलेज से फार्मा कैमिस्ट्री में स्नातक किया| शराफत के पास जर्नलिज़्म में मास्टर डिग्री है और वे लॉ ग्रेजुएट भी हैं | रिसर्च एनालिस्ट बने शराफत अब इक्विटी और डेरिवेटिव सेगमेंट में अपनी रिसर्च रिपोर्ट के माध्यम से सेवाएं देंगे | उल्लेखनीय है कि नियमों के अनुसार सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट ही रिसर्च रिपोर्ट आम लोगों के साथ साझा कर सकते हैं | शराफत ने कहा कि उनका उद्देश्य शहरों के साथ साथ गांव में रह रहे स्कूली बच्चों और युवकों को वित्तीय मामलों में जागरुक करना है, जिससे वे अपनी वित्तीय स्थिति को और मज़बूत कर सकें|
