खेत-खलियान

लोहार पिपलिया के तीन किसानों ने नरवाई जलाने खेत में लगाई आग, औद्योगिक थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रदेशवार्ता. . कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन कर खेत में नरवाई जलाने वाले तीन आरोपियों को थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं. थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जिला दंडाधिकारी के आदेशों का उल्लंघन कर खेत में नरवाई (फसल अवशेष) जलाने वाले तीन व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। 27 मार्च को समय लगभग 4:20 बजे पुलिस को दिग्गीराजा नगर के पास स्थित खेत में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि गेहूं की कटाई के बाद बचे हुए डंठलों और फसल अवशेषों (नरवाई) में बिना किसी सुरक्षा उपाय के आग लगाई गई थी। आग से उठने वाली चिंगारियों के कारण आसपास के खेतों और संपत्तियों में बड़ी आग लगने की गंभीर आशंका निर्मित हो गई थी। साथ ही भारी मात्रा में धुआं उत्पन्न होने से गंभीर पर्यावरण प्रदूषण भी हो रहा था। जांच में पाया गया कि यह आग खेत पर फसल लेने वाले व्यक्तियों विजय सिंह पिता पूनमचंद्र, विक्रम पिता पूनमचंद्र और संतोष पिता सरदार सभी निवासी ग्राम लोहार पिपलिया द्वारा लगाई गई थी। विदित हो कि जिला दंडाधिकारी जिला देवास द्वारा पूर्व में ही लोक सुरक्षा और शांति बनाए रखने तथा ऐसी संभावित दुर्घटनाओं को रोकने हेतु आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत नरवाई जलाना प्रतिबंधित है। उक्त आदेशों के पालन में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में देवास पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जाकर लोगों को जागरुक किया जा रहा है। उपरोक्त परिस्थितियों और सरकारी आदेश के उल्लंघन को ध्यान में रखते हुए, आरोपियों के विरुद्ध धारा 223 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। *पुलिस की अपील..*
पुलिस प्रशासन सभी किसान भाइयों से अपील करता है कि वे प्रशासन द्वारा जारी आदेशों का कड़ाई से पालन करें और फसल अवशेष (नरवाई) को न जलाएं। ऐसा करना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि इससे बड़ी आगजनी और भारी पर्यावरण प्रदूषण का खतरा भी पैदा होता है। सुरक्षा और जनहित में सहयोग करें। *सराहनीय कार्य*- उक्त सराहनीय कार्य में देवास निरीक्षक शशिकान्त चौरसिया थाना प्रभारी थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास, उनि प्रवीण राठौर, प्र.आर. शम्भु सिंह थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास की सराहनीय भूमिका रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button