आपका शहरक्राइम

कन्नौद में घर के बाहर मार दी थी गोली.. हत्या में मां-बेटी थी शामिल, शादी के रिश्ते से नाखुश थी मृतक की बेटी

 – देवास पुलिस ने कन्नौद गोलीकांड का किया पर्दाफाश,  शूटर सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त

देवास। कन्नौद में पिछले दिनों एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले के चार दिनों में ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस हत्या में मृतक की पत्नी व बेटी भी शामिल थी। आज प्रेस वार्ता में देवास पुलिस ने खुलासा किया। 22 नवंबर को सुबह 7 बजे शासकीय चिकित्सालय कन्नौद से सूचना प्राप्त हुई कि निसार पिता मुशर्रफ अली उम्र 45 साल निवासी जत्रा मैदान कन्नौद को सतवास रोड पर उसके घर के सामने अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सीने में गोली मारी गई। परिजनों के द्वारा निसार अली को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की पैनल द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। उक्त सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आकाश भूरिया, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कन्नौद केतन अडलक एवं थाना प्रभारी कन्नौद तहजीब काजी तत्काल फोर्स के साथ शासकीय चिकित्सालय कन्नौद पुहंचे। उक्त गंभीर घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारी को दी गई एवं घटनास्थल का सुक्ष्मता से निरीक्षण किया गया। परिजनों की रिपोर्ट पर से थाना कन्नौद में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आकाश भूरिया के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (कन्नौद) केतन अडलक के निर्देशन में 2 विशेष टीमों का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय किये गये। तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को पकड़कर प्रारंभिक पूछताछ करने पर उनके द्वारा घटना करना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम..

1. विशाल पिता अशोक उम्र 22 साल निवासी फरीदाबाद हरियाणा हाल मुकाम संजीवनी नगर थाना खजराना जिला इन्दौर।

2. दीपक पिता मढिया उम्र 19 साल निवासी बाघ टांडा जिला धार हाल मुकाम खजराना थाना खजराना जिला इन्दौर।

3. रुकसाना बी पति निसार अली उम्र 42 साल निवासी बीएसएनएल ऑफिस सतवास रोड कन्नौद।

4. सिमरन पिता निसार अली उम्र 18 साल निवासी बीएसएनएल ऑफिस सतवास रोड कन्नौद।

शादी के रिश्ते से नाखुश थी मृतक की बेटी-                  मृतक की बेटी सिमरन अपने शादी के रिश्ते से नाखुश थी। उसके पिता कहीं ओर रिश्ता कराना चाहते थे। इससे वह सतुंष्ट नहीं थी। इसी आधार पर अपनी मां के साथ मिलकर और अपने मित्र विशाल एवं उसके मित्र दीपक के साथ मिलकर घटना की साजिश को अंजाम दिया। सिमरन के कहने पर ही विशाल और दीपक के द्वारा निसार अली की गोली मारकर हत्या की थी। पूरे प्रकरण में पुलिस को गुमराह करने प्रयास किया गया। कई संदिग्धों से पुलिस ने पूछताछ की थी। कोई भी निर्दोष व्यक्ति पुलिस से प्रताड़ित न हो इसका भी ध्यान रखा गया। पुलिस ने आखिरकार पेशेवर ढंग से आरोपियों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button