आपका शहर

उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुभाष काकड़े ने टोंककला में घटना स्‍थल और जयदेव वेयर हाउस कलमा का किया निरीक्षण


देवास जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुई विस्‍फोट की घटना की जांच के लिए राज्य शासन द्वारा उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुभाष काकड़े की अध्यक्षता में एकल सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन किया गया है। उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुभाष काकड़े ने टोंककला में घटना स्‍थल और जयदेव वेयर हाउस कलमा का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्‍टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने घटना के संबंध में जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्‍टर शोभराम सोलंकी, एसडीएम टोंकखुर्द ऋतु चौरसिया, टोंकखुर्द थाना प्रभारी परिवीक्षाधीन आईपीएस आलोक कुमार वर्मा सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे। उल्‍लेखनी है कि न्यायिक जांच आयोग द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच, दुर्घटना के संबंध में लापरवाही का परीक्षण तथा उत्तरदायित्व का निर्धारण, दुर्घटना के दौरान एवं दुर्घटना के उपरान्त, अग्निशमन, बचाव, चिकित्सा सहायता एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता का परीक्षण, फैक्ट्री में विस्फोटक सामग्री के निर्माण, भंडारण एवं उपयोग संबंधी निर्धारित मानकों, लाइसेंस शर्तों एवं वैधानिक प्रावधानों के पालन की स्थिति, विस्‍फोटक अधिनियम, फैक्ट्री अधिनियम, श्रम सुरक्षा नियमों, अन्य संबंधित कानूनों के उल्लंघन का परीक्षण। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सुरक्षा उपायों, निरीक्षण प्रणाली, आपदा प्रबंधन एवं नियामक व्यवस्था में सुधार संबंधी अनुशंसाएँ दी जायेगी। आयोग एक माह के भीतर अपनी जॉच पूरी करेगा और रिपोर्ट राज्य शासन को प्रस्तुत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button