Sunday, June 21st, 2026 | 10:12 PM

बहन को सपने में आकर भाई ने बताई हकीकत, बोला मुझे मार दिया.. पुलिस जांच में सपना सच निकला

by Amjad Shaikh

प्रदेशवार्ता. बहन को सपने में आकर भाई ने बताया कि वो अब जिंदा नहीं है, मार दिया गया हैं. रक्षाबंधन की रात आए इस सपने के आधार पर बहन ने मां को साथ लेकर पुलिस कमिश्नर से मिलने का फैसला लिया, पुलिस कमिश्नर को बिना लाग लपेटे बता दिया कि सपने में भाई आया था उसी ने हत्या की बात बताई. पुलिस कमिश्नर ने इस सपने की बात को गंभीरता से लेकर जांच कराई तो बात सच निकली. पुलिस ने शव भी घर के पास से बरामद कर लिया, जिसे दफना दिया गया था. ये रोचक मामला कानपुर का है. रक्षाबंधन की रात शिवबीर नाम के व्यक्ति की बहन पूजा को एक सपना आया जिसमें उसका भाई कह रहा था कि उसकी हत्या कर दी गई है. इस सपने ने बहन को विचलित कर दिया. सपने की बात सुनकर मां सावित्री देवी भी अंदर से हिल गई, उन्हें तो सिर्फ ये पता था कि बेटा कामकाज के सिलसिले में गुजरात गया हुआ हैं. हिम्मत जुटाकर मां सावित्री देवी ने पुलिस कमिश्नर से मिलकर बेटे की हत्या की आशंका जताई. डीसीपी दिनेश त्रिपाठी ने उनकी बात को गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दे दिए. पुलिस ने जांच शुरू की. सबसे पहले पत्नी मालती के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली गई. कॉल डिटेल ने बहुत हद तक कहानी साफ कर दी. सामने आया कि वह अपने पति से नहीं, बल्कि भांजे अमित से बार-बार बात कर रही थी. यहीं से हत्या की साजिश का सुराग मिला. पुलिस ने इसके बाद मालती से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच बता दिया. मालती ने बताया कि पिछले साल दिवाली से एक दिन पहले उसने पति शिवबीर को नशीली चाय पिलाई और अमित के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. शव को घर से ले जाकर बगीचे में दफन कर दिया और ऊपर 10 पैकेट नमक डाले ताकि शरीर जल्दी गल जाए. हत्या के बाद मालती ने घरवालों को गुमराह किया. सबको बताया कि शिवबीर नौकरी के सिलसिले में गुजरात चला गया है. कभी-कभी वह झूठे फोन कॉल की बात भी करती रही, लेकिन हकीकत रक्षाबंधन पर आए सपने से सामने आ गई.

You may also like