Tuesday, July 7th, 2026 | 10:45 PM

आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ताओं को अब जाना होगा घर.घर, देवास जिले की सभी आंगनवाड़ी सुपरवाइजरों का दस दिन का वेतन कटा

by Amjad Shaikh

प्रदेशवार्ता. ‘’संकल्प से समाधान अभियान’’ में प्रगति नहीं होने पर देवास कलेक्टर ऋतुराजसिंह ने कडा रूख दिखाया हैं. नगर परिषद बागली, पीपलरावां, लोहारदा, सतवास, करनावद सीएमओ की दो-दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए तो वहीं जिले के सभी सीएचओ और आंगनवाडी सुपरवाइजरों का 10-10 दिन का वेतन काटने का भी फरमान सुना दिया. लापरवाही पर सोनकच्‍छ बीएमओ की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश भी दिए तथा सभी बीएमओ को शोकाज नोटिस जारी करने का आदेश सुनाया. कलेक्टर ने ये भी आदेश दिया है कि सभी सीएचओ और आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ता घर. घर जाकर 70 साल से अधिक आयु के नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनाए.
संकल्‍प से समाधान अभियान एवं विभिन्‍न विभागों द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्‍यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई. कलेक्‍टर श्री सिंह ने ‘संकल्प से समाधान अभियान’ की समीक्षा कर निर्देश दिए कि अभियान के तहत प्राप्‍त आवेदनों का शीघ्र निराकरण कर शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाए। उन्‍होंने विभागवार योजनाओं की समीक्षा की और प्रगति की जानकारी ली। नगर परिषद बागली, पीपलरावां, लोहारदा, सतवास, करनावद में अभियान के तहत कार्य नहीं किये जाने पर संबंधित सीएमओ की दो-दो वेतन वृद्धि रोकने एवं मॉनिटरिंग नहीं करने पर पीओ डूडा को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि ‘संकल्प से समाधान अभियान’ में जिले की सभी स्‍कूलों में अध्‍ययनरत् विद्यार्थियों का जाति प्रमाण-पत्र बनाया जाए। अभियान के तहत सीएचओ और आंगनवाडी कार्यकर्ता घर-घर जाकर 70 प्‍लस आयु के नागरिकों का आयुष्‍मान कार्ड बनाए। ‘संकल्प से समाधान अभियान’ के तहत स्‍वास्‍थ्‍य विभाग की योजनाओं का लाभ नागरिकों को नहीं दिलाने एवं अभियान में निराशाजनक प्रगति पर जिले की सभी सीएचओ और आंगनवाडी सुपरवाइजरों का 10-10 दिन का वेतन काटने, सोनकच्‍छ बीएमओ की दो वेतन वृद्धि रोकने, सभी बीएमओ को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए
कलेक्‍टर श्री सिंह ने नगर निगम को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में सभी वार्डों में घर-घर जाकर अभियान के तहत पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाए।

You may also like