कन्नौद । किन्नर का भेष धारण कर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. खातेगांव और कन्नौद की पुलिस ने जब गिरोह को पकडा तो वारदातों का खुलासा हो गया.
पुलिस ने किन्नर का भेष बनाकर लूट करने वाले 6 आरोपियों को पकडा है. इनके पास से लूटा गया सोना, वारदात में प्रयुक्त 02 कार एवं धारदार हथियार भी बरामद किए है. 2 जुलाई को थाना कन्नौद पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर इंदौर-बैतूल हाईवे स्थित ननासा सर्विस रोड पर डकैती की साजिश बना रहे 05 बदमाशों को हथियार एवं एक अल्टो कार सहित गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना कन्नौद पर धारा 310(4), 310(5) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
इसी दिन फरियादी कुलदीप पिता जगदीश जाट, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम बरबईखेड़ा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 19 जुलाई को तीन अज्ञात व्यक्तियों में से दो व्यक्तियों ने किन्नर का भेष धारण कर स्विफ्ट डिजायर कार से उसके घर पहुंचकर छलपूर्वक चाकू की नोक पर लगभग ₹1.50 लाख मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए थे। आरोपियों के भय के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर फरियादी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इस पर थाना खातेगांव में धारा 3(5), 309(4), 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन में एसडीओपी कन्नौद श्री आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी खातेगांव निरीक्षक विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सोनु उर्फ सुनील पिता लालू नाथ निवासी शिवपुर बड़ोदिया, जिला रतलाम को संदलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों जीवन, भैरूनाथ, लखन, कैलाश एवं अर्जुन के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई। विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि अन्य पांच आरोपी थाना कन्नौद के एक अन्य प्रकरण में गिरफ्तार होकर उप जेल कन्नौद में निरुद्ध हैं। माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार की, जिनके कब्जे से लूटा गया सोने का मश्रुका, घटना में प्रयुक्त हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपीगण :–
- सोनु उर्फ सुनील पिता लालू नाथ, निवासी शिवपुर बड़ोदिया, जिला रतलाम।
- भैरूनाथ पिता कालूनाथ, निवासी पाढ़ुनीखुर्द, जिला धार।
- जीवन पिता मदननाथ, निवासी मांईदा, जिला धार।
- लखन पिता कैलाशनाथ, निवासी आनंद नगर, संदलपुर, जिला धार।
- अर्जुन पिता कालूनाथ, निवासी बोईंदा, जिला धार।
- कैलाश पिता उमरावनाथ, निवासी बोईंदा, जिला धार।
तरीका-ए-वारदात :-
आरोपी किन्नर का भेष धारण कर लोगों को विश्वास में लेते थे तथा सुनसान स्थान अथवा घरों पर पहुंचकर भय दिखाते हुए चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
सराहनीय भूमिका :–
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह लोधी, सहायक उप निरीक्षक जगन्नाथ चावड़े, प्रधान आरक्षक दुर्गेश विश्नोई, आरक्षक सोहन जाट, मनमोहन, महिला आरक्षक आशा यादव तथा साइबर सेल से आरक्षक सोनु एवं आरक्षक युवराज की सराहनीय भूमिका रही।
