Sunday, July 12th, 2026 | 2:12 AM

देवास रेलवे स्टेशन पर दुखद हादसा…ट्रेन से नीचे गिरते ही पुलिसकर्मी का हाथ का पंजा कटा

by Amjad Shaikh

प्रदेशवार्ता. ट्रेन में चढते वक्त संतुलन बिगडने से एक पुलिसकर्मी नीचे गिर गया. दुखद हादसे में पुलिसकर्मी का हाथ का पंजा कट गया. शनिवार रात हुए इस हादसे के बाद प्लेटफार्म पर मौजूद लोग मदद को आगे आए. आरपीएफ की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से इंदौर के लिए रैफर कर दिया गया.
घायल पुलिसकर्मी का नाम जितेन्द्र चौहान हैं. श्री चौहान स्टेट सिक्योरिटी में पदस्थ हैं. चौहान कहां के निवासी है तथा अभी कहां तैनात थे इसकी जानकारी नहीं मिल सकी. हादसा शनिवार रात को प्लेटफार्म नंबर एक पर हुआ. इंदौर जाने के लिए प्लेटफार्म पर रणथंबोर एक्सप्रेस गाडी संख्या 12466 खडी थी. चौहान इंदौर जाने के लिए ट्रेन में चढने के लिए आगे बढे. वे ट्रेन में चढते वक्त अपना संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए. नीचे गिरते ही हाथ का पंजा ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसे को देख मौजूद लोग सिहर गए. ट्रेन हाथ के पंजे पर से गुजर चुकी थी. पुलिसकर्मी को गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल लाया गया, यहां से इंदौर के लिए रैफर कर दिया गया.

You may also like