Saturday, August 15th, 2026 | 3:07 PM

किशोर पर फोकस, मासिक समीक्षा बैठक में उमंग स्वास्थ्य केंद्रों को दिए लक्ष्य पूर्ति के निर्देश

by Irfan Ali


देवास। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। 14 अगस्त को ये बैठक डॉ सरोजिनी जेम्स बेक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला देवास के मार्गदर्शन एवं डॉ शाहिद शेख जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी सह जिला नोडल अधिकारी किशोर स्वास्थ्य एवं उमंग कार्यक्रम जिला देवास की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत 10 से 19 आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों को परामर्श सेवाएं प्रदान किए जाने हेतु संचालित उमंग स्वास्थ्य केंद्रों के मासिक लक्ष्य, एवं उपलब्धि एवं गुणवत्तापूर्ण आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य पूर्ति हेतु निर्देशित किया गया।
इन उमंग स्वास्थ्य केंद्रों में किशोर एवं किशोरियों को प्रशिक्षित परामर्शदाताओं के माध्यम से पोषण एवं स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य-तनाव अवसाद, आत्मघाती प्रवृति की रोकथाम, विवाह पूर्व परामर्श, परिवार नियोजन, शैक्षणिक मार्गदर्शन, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, एनीमिया की रोकथाम एवं जागरूकता संवाद, हिंसा, जोखिम युक्त व्यवहार, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, स्वप्नानुभूति, सोशल मीडिया एवं इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग आदि विभिन्न विषयों पर परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रही है। जिला देवास में 7 उमंग स्वास्थ्य केंद्र -जिला चिकित्सालय देवास, सिविल अस्पताल – सोनकच्छ, बागली, कन्नौद, खातेगांव, तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोठा एवं टोंकखुर्द में संचालित हैं।
इसी प्रकार राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम का कवरेज समुदाय स्तर तक साथिया कार्यक्रम अंतर्गत किया जा रहा है, यह कार्यक्रम साथी शिक्षण अवधारणा पर आधारित है, जिसमें समुदाय से ग्राम स्वास्थ्य समिति के अनुमोदन से प्रति आशा कार्यकर्ता द्वारा 15-19 आयु के 1 किशोर एवं 1 किशोरी को निर्धारित प्रक्रिया से चयन करते हुए, समुदाय स्तरीय प्रशिक्षकों/मेंटर्स द्वारा इन बच्चों को नेशनल हेल्थ मिशन के साथिया module पर ट्रेनिंग दी जा रही है, एवं समुदाय में 10-19 आयुवर्ग के किशोर किशोरियों को इन गतिविधियों हेतु हैंड होल्ड सपोर्ट प्रदान किया जा रहा है. यह साथिया बालक बालिका स्वयं सेवी के रूप में प्रोत्साहित होकर अपने समुदाय के किशोर किशोरियों से विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर संवाद कर जागरूकता सन्देश दे रहे है. जिससे समुदाय में समग्र किशोर जन अपने स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति जागरूक होकर सूचना आधारित उत्तरदायित्व पूर्ण निर्णय लेने में सक्षम हो सकेंगे।
उपरोक्त कार्यक्रम गतिविधियों का संचालन जिला देवास में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन लोक स्वास्थ्य एवं चिकत्सा शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश के अंतर्गत उक्त गतिविधियों के संचालन हेतु अनुबंधित संस्था आसरा सामाजिक लोक कल्याण समिति द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम गतिविधियों की समीक्षा भारत सरकार द्वारा निर्मित एवं संचालित ए. एफ. एच. सी. सॉफ्टवेयर एवं किशोर आर. के. एस. के. एन. एच. एम. मध्यप्रदेश द्वारा निर्मित एवं संचालित सॉफ्टवेयर में दर्ज उपलब्धि एवं लक्ष्य अनुसार की गई।
संबंधित आवश्यक उन्मुखीकरण सहित समुदाय आधारित साथिया गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग एवं राज्य के key -deliverable अनुसार दिए गए लक्ष्य अनुसार उपलब्धि हेतु निर्देशित किया गया।
उपरोक्त बैठक में आसरा सामाजिक लोक कल्याण समिति से परियोजना समन्वयक आर. के. एस. के. जितेंद्र कुमावत सहित समस्त उमंग स्वास्थ्य केंद्र परामर्शदाता, एवं साथिया कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनर/प्रशिक्षक सम्मिलित हुए. कार्यक्रम उनमुखीकरण एवं गतिविधिवार समीक्षा जिला किशोर स्वास्थ्य समन्वयक डॉ बुलबुल काज़ी द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला देवास तथा जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी सह जिला नोडल अधिकारी आर. के. एस. के. जिला देवास के मार्गदर्शन में की गयी। कार्यक्रम गतिविधि प्रचार प्रसार हेतु IEC पोस्टर वितरण आसरा संस्थान देवास द्वारा किया गया।

You may also like