Sunday, July 12th, 2026 | 2:07 AM

समदडिया ग्रुप की संपत्ति का बाजार भाव न गिरे इसलिए बदल दी ब्रिज की जगह, पूर्व कलेक्टर चंद्रमोली शुक्ला ने फायदा दिलवाने कराया बदलाव

by Amjad Shaikh


प्रदेशवार्ता. अपेक्स से बावडिया तक का ब्रिज जल्द शुरू होने वाला हैं. 37 मोतों के बाद आखिरकार इस ब्रिज को बंद कर दिया गया था. अब इसमें काफी बदलाव किया गया हैं. ब्रिज को डिवाइडर से दो लेन में बदल दिया गया हैं. ब्रिज शुरू होने से पहले शनिवार को पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने प्रेसवार्ता की. श्री जोशी ने ब्रिज को लेकर गंभीर सवाल उठाए. पूर्व मंत्री ने खुलासा करते हुए बताया कि पूरा देवास समदडिया ग्रुप के हाथों में देने की तैयारी हैं. हर प्राइम लोकेशन की जमीन पर इस ग्रुप की नजर जमी हैं. शहर के अंदर भगवत सराय से लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय तक की जमीन ये ले चुके हैं. जल्द ही शिक्षा विभाग और औद्योगिक क्षेत्र की जगह भी इनके हाथ चली जाए तो कोई अचरज की बात नहीं होगी. श्री जोशी ने कहा कि ब्रिज को भोपाल चौराहे से इंदिरा गांधी प्रतिमा चौराहे तक बनना था, अगर ऐसा होता तो फिर समदडिया ग्रुप को नुकसान हो जाता. उनकी प्राइम लोकेशन की जगहों का बाजार भाव गिर जाता. ऐसा न हो इसका ध्यान रखा गया और ब्रिज को उठाकर बाहर शिफ्ट कर दिया गया. पूर्व मंत्री जोशी ने कहा इस काम में तत्कालिन कलेक्टर चंद्रमोली शुक्ला, नगर निगम के आयुक्त विशाल सिंह और एसडीएम का रोल था. इनकी तिकडी ने खेल कर दिया. श्री जोशी ने इस भ्रष्टाचार की शिकायत आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो से की हैं. पूरे मामले की जांच की मांग की हैं. साथ ही कहा कि एबी रोड का ब्रिज एकांगी था, लेकिन दोनों तरफ से ट्राफिक शुरू किया जा रहा हैं. आगे इस ब्रिज पर हादसे बढेंगे.

You may also like