Friday, July 17th, 2026 | 7:59 AM

हज यात्रा पर पहली बार सबसे ज्यादा 633 यात्री जाएंगे, गत वर्ष 397 गए थे

by Irfan Ali

जाने से पहले बीमा राेड स्थित एक गार्डन में ट्रैनिंग दी जाएगी और लगेंगे टीके


देवास। हज यात्रा अप्रैल के अंतिम दिन ओर मई की शुरूआती दिनों में चालू होने वाली है। देवास के इतिहास में पहली बार सबसे ज्यादा हज यात्री 633 जा रहे हैं। कुर्रा यानी लॉट्री में यात्रियों के नाम आए हैं और उन्होंने तैयारियां भी शुरू कर दी है। गत वर्ष जिले से 397 यात्री हज यात्रा करके आए थे। इस बार सउदी अरब सरकार ने देश में यात्रियों का कोटा बढ़ाया है, इसलिए अधिक यात्रियों का नंबर आया है।
इस वर्ष शुरू होने वाली हज यात्रा में 12 साल तक के बच्चों को अनुमति नहीं दी है। 12 साल से अधिक उम्र के बच्चे ही यात्रा पर जा सकते हैं। जिन लोगों ने बच्चों के फार्म भरे थे वह निरस्त हो गए हैं। जिले से जाने वाले हज यात्रियों की बीमा हॉस्पिटल रोड स्थित एक गार्डन में 26 अप्रैल को ट्रैनिंग दी जाएगी। ट्रैनिंग के साथ ही इन्हे टीकाकरण भी जिला अस्पताल की टीम जाकर करेगी। जिला हज कमेटी अध्यक्ष सैय्यद हामिद अली ने बताया कि यात्रियों को ट्रैनिंग हाजी शाहिद नागोरी उज्जैन, हाफिज शोएब नदवी देवास, हाजी अफजल खान देवास, हाजी जाबिर शेख ताज देवास, हाजी एजाज नागोरी देवास व हाजी अंशाल खान देंगे।


2008 में 108 गए अब बढ़कर 600 के पार…
जिला हज कमेटी अध्यक्ष अली ने बताया कि वर्ष 2008 में जिले से 108 हज यात्रियों का चयन हुआ था। उसके बाद 110, 130, 140, 200, 260 और 250-300 तक यात्री हर साल जाते रहे। पिछले साल ही संख्या बढ़कर 397 हुई थी, जो इस बार 633 हो चुकी है। यह यात्री सरकार के कोटे से जा रहे हैं। इस बार प्राइवेट कोटे कम कर सरकारी बढ़ाया है, इसलिए भी संख्या बढ़ी है।

    You may also like