देवास। होटल संचालक से अवैध वसूली के मामले में मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान हुई. मुख्य आरोपी वर्मा पार्षद प्रतिनिधि है। 25 सितंबर को रात्रि लगभग 9 बजे स्टेशन रोड पर होटल संचालित करने वाले फरियादी सतीश कुमार यादव से आरोपियों ने दुकान चलाने के एवज में रुपए मांगे। मना करने पर फरियादी के साथ गाली-गलौज की गई तथा दुकान को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी दी गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुध्द थाना कोतवाली मे धारा 308(2), 296(बी), 351(3), 3(5),119(1), 115(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपी प्रवीण वर्मा के विरुद्ध पूर्व में भी शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और आपराधिक धमकी सहित अन्य प्रकरण दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- प्रवीण वर्मा पिता कालूराम वर्मा उम्र 26 वर्ष निवासी चामुंडा नगर, देवास।
- अरुण पिता शिवाजीराव अडसुले उम्र 31 वर्ष निवासी आदर्श नगर, देवास।
- अंकित पिता अशोक भंडारी उम्र 24 वर्ष निवासी गायत्री नगर देवास।
- दिनेश पिता शिवनारायण उपाध्याय उम्र 38 वर्ष निवासी आदर्श नगर देवास।
