Tuesday, August 11th, 2026 | 11:01 PM

तीन लाख 12 हजार रुपए दो खातों से निकालकर ठग बोले हम तो हैं नकली पुलिस…

by Amjad Shaikh


प्रदेशवार्ता. मप्र पुलिस लगातार अभियान चलाकर सायबर ठगों से लोगों को सावधान कर रही हैं. जागरूकता के लिए अभियान चला रही है. बावजूद इसके लोग अपनी बेवकूफी के चलते ठगी का शिकार हो रहे हैं. ऐसे ही एक मामले में सायबर ठगों ने एक इंजीनियरिंग की छात्रा को बेवकूफ बनाया और दो खातों से तीन लाख 12 हजार रुपए निकाल लिए. यही नहीं सायबर ठगों ने पुलिस की ड्रेस पहनकर ऐसा रोब झाडा कि छात्रा अपने ही घर में 31 घंटे अरेस्ट रही. पूरा पैसा निकालने के बाद ठगों ने खुद ही छात्रा को बताया कि वे तो ठग है, नकली पुलिस बने थे. अब ये मामला थाने पहुंचा हैं. सायबर धोखाधडी का ये बडा मामला नजदीक के शहर खंडवा का हैं. रामकृष्णागंज की रहने वाली छात्रा पढ़ाई के साथ-साथ ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम भी करती है। उसे मोबाइल पर स्काइप वीडियो कॉलिंग के माध्यम से फोन आया। फोन पर सामने वाले शख्स ने छात्रा को उसके नाम और अन्य दस्तावेजों के बारे में एक.एक जानकारी पूरे रौब के साथ दी. छात्रा को बताया कि उसके नाम से दूसरे देश से ड्रग्स तस्करी की शिकायत मिली है, और ये शिकायत बेहद गंभीर हैं. ठगों ने कहा कि ड्रग्स तस्करी में उसका नाम आया हुआ है उस पर ड्रग्स तस्करी का आरोप है। लिहाजा उसे डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है।
बस फिर क्या था सामने वीडियो कालिंग पर पुलिस को देखकर छात्रा घबरा गयी. नकली पुलिस ने कालिंग पर ही सख्त हिदायत देना शुरू कर दी. छात्रा से कहा अपने घर के सारे खिड़की और दरवाजे बंद करो. छात्रा को इतने तक धमकी दी गई अगर उसने किसी को बताया तो तत्काल उसके माता-पिता को भी अरेस्ट कर लिया जाएगा। ठगों ने जब छात्रा को काफी डरा दिया उसके बाद उसके दोनों बैंक अकाउंट नंबर के बारे में जानकारी लेकर खातों से 312000 की राशि तत्काल निकाल ली। शातिर बदमाशों ने अकाउंट खाली करने के बाद छात्रा से कहा कि वे तो नकली पुलिस है तथा ठगने के लिए पुलिस बने थे.

You may also like