Sunday, July 12th, 2026 | 3:25 AM

फ्रीज में प्रतिभा प्रजापत की लाश.. कालोनीवासी बोले काफी धार्मिक और मिलनसार थी प्रतिभा

by Amjad Shaikh


प्रदेशवार्ता. देवास की वृंदावन धाम कालोनी में पुलिस को 10 जनवरी को महिला की लाश फ्रीज में से मिली थी. उसी दिन पुलिस ने आरोपी संजय पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला को साथ रखा था. लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो उसे गला घोटकर मार दिया और लाश को घर के फ्रीज में बंद कर दिया. खुलासे के दो दिन बाद भी कालोनी के रहवासी हैरान और आश्चर्य से भरे हैं. उन्हें विश्वास नहीं हो रहा की उनकी कालोनी में इतना बडा कांड हो गया जिसकी गूंज पूरे देश में हैं. कालोनीवासियों में से कई के परिचित दूसरे शहरों व राज्यों में रहते हैं. वे फोन लगाकर पूछते हैं. वे जानना चाहते है कि क्या हम भी उन्हें पहचानते हैं, बातचीत होती थी, पूछते है कि क्या उनमें गंभीर झगडा होता था. ऐसे कई सवालों से दो चार कालोनी के लोग हो रहे हैं. हालाकि आसपास के रहवासी जरूर दोनों को पहचानते थे. बातचीत भी होती थी. पडोसियों का कहना है कि प्रतिभा काफी मिलनसार और धार्मिक प्रवृत्ति की थी. दो साल पहले धार्मिक आयोजन भी कराया था. प्रतिभा ने भंडारा रखा तो आसपास के लोग शामिल हुए थे. कालोनी की एक महिला बताती है प्रतिभा सिलाई का काम करती थी. काफी मिलनसार थी. सबसे घुलने मिलने वाली प्रतिभा 2 मार्च के बाद फिर कभी नजर नहीं आई. संजय और प्रतिभा में विवाद होता था लेकिन इस झगडे को मिया बीवी का झगडा मानकर कोई ध्यान नहीं देता था. अब किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि दोनों का विवाह नहीं हुआ था. मीडिया से ही पडोस वालो को पता चला कि संजय पहले से ही शादीशुदा था तथा उसके बच्चे भी हैं. संजय भले ही घर खाली करके चला गया लेकिन फ्रीज और कुछ सामान रखने के बहाने उसने दो कमरे अब भी रख रखे थे. लोग संजय से प्रतिभा के बारे में पूछते तो साफगोई से झूठ बोल जाता कि उसके घर चली गई है और अपनी मां की सेवा कर रही हैं. मां को अटैक आ गया इसलिए अब वो नहीं आएगी, वहीं रहकर सेवा करेगी.

You may also like