Friday, July 17th, 2026 | 9:29 AM

देवास जिले में दबंगों ने रोकी दलित दूल्हे की बारात, विरोध किया तो पीटने लगे

by Amjad Shaikh

प्रदेशवार्ता. देवास जिले के सोनकच्छ गांव में दलित दूल्हे के साथ मारपीट की घटना हो गई. दबंग इस बात से नाराज थे कि दलित दूल्हा घोडे पर क्यों बैठ रहा. विवाद किया, दबाव बनाया. जब दलित परिवार नहीं माना तो मारपीट करने लगे. इस मामले में सोनकच्छ पुलिस का लच्चर रवैया सामने आया हैं. आखिरकार परिवार समाजजन के साथ देवास एसपी से मिला.
सोनकच्छ के ग्राम दुदलाई में शुक्रवार रात को दलित दूल्हे अभिषेक की बारात निकलनी थी, लेकिन उसके पहले ही गांव के दबंग विरोध में आ गए. दूल्हे को घोडी पर चढने नहीं दिया. दबाव बनाने के बाद मारपीट शुरू कर दी. सोनकच्छ पुलिस से परिवार ने संपर्क किया और शिकायत दर्ज करानी चाही लेकिन पुलिस ने लापरवाही दिखाते हुए कोई कार्रवाई नहीं की. यहीं से बात और बिगड गई. शनिवार को बलाई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने मोर्चा संभाला. परमार के साथ में बडी संख्या में समाजजन भी एसपी आफिस पहुंचे. कार्यालय के बाहर सभी धरने पर बैठ गए. दलित समाज का गुस्सा इस बात पर था कि दूल्हे को जबरन पीटा गया, बारात रूकवाई गई. नाराज लोग एसपी से मिलकर अपनी बात रखना चाहते थे. एसपी पुनीत गेहलोद ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी. पुलिस के साथ का भरोसा दिलाया. कहा कि दूल्हे को सुरक्षा के साथ मंदिर तक ले जाया जाएगा. आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त हुआ.

You may also like