Sunday, June 21st, 2026 | 8:48 PM

खेत में बने दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर जुआरियों की महफिल सजी थी..पुलिस ने नीचे लगा दी तगडी घेराबंदी.. 4 लाख 97 हजार नकद भी मिले… देवास डीएसपी खुद कर रहे थे टीम को लीड

by Amjad Shaikh


प्रदेशवार्ता. बरोठा पुलिस ने जुएं का एक बडा रैकेट पकडा है. जुआरी खेत में बने दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर जुआ खेल रहे थे. पुलिस ने नीचे घेराबंदी डाली तो जुआरियों में हडकंप मच गया. वे इधर उधर होते इसके पहले ही पुलिस की तगडी घेराबंदी के चलते फरार होने का मौका नहीं मिला. बरोठा थाना टीआई को देवास के पुलिस अफसरों ने जुए की सूचना दी थी.
गुरुवार देर शाम को पुलिस की संयुक्त टीम ने पत्थर गुराडिया में दबिश दी. डीएसपी संजय शर्मा खुद टीम को लीड कर रहे थे. उनके साथ थाना बीएनपी और बरोठा पुलिस का दल था. डीएसपी ने पुलिस की तीन टीमें बनाई. टीम ने पत्थर गुराडिया से डेढ किमी दूर खेत पर बने एक दो मंजिला मकान पर धावा बोला तो यहां 18 जुआरी पकडाए. पहली मंजिल पर जुआ खेल रहे इन लोगों को नकद 4 लाख 97 हजार रुपए के साथ पकडा गया. मौके से चार पहिया वाहन जिनकी संख्या चार है व सात दो पहिया वाहन भी जब्त किया गया. जिस मकान पर जुआ खेला जा रहा था वो ओम गुर्जर का हैं. जुआरी शातिर किस्म के हैं. वे जुआ खेलने के लिए जगह बदलते रहते थे. पुलिस के हाथ नहीं लगे इसके लिए कभी भौंरासा तो कभी सौनकच्छ, बांगरोद और बीएनपी के सूने क्षेत्र में जुआ खेलते थे. इन आदतन जुआरियों को पुलिस ने एसडीएम न्यायालय में पेश किया जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस कप्तान का लक्ष्य है कि जिला जुए, सट्टे व अन्य अवैध गतिविधियों से पूरी तरह से मुक्त हो. उसी के अनुसार देवास पुलिस सक्रियता से काम कर रही हैं.

You may also like