Wednesday, August 12th, 2026 | 6:50 PM

उज्जैन लोकायुक्त ने रिश्वतखोर सचिव को रंगेहाथ पकडा

by Irfan Ali

 – टीम ने पकडा तो चेहरे पर उडने लगी हवाइयां, पीएम आवास योजना के लिए मांगा था पैसा

 देवास। देवास जिले की तहसील बागली के अंतर्गत आने वाले गांव कमलापुर में उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वतखोर पंचायत सचिव को पकडा है। पंचायत सचिव पीएम आवास योजना की तीसरी किश्त जारी करने के लिए पांच हजार रुपए हितग्राही से मांग रहा था। गांव के ही हितग्राही ने लोकायुक्त से संपर्क कर जानकारी दी। लोकायुक्त की जांच में शिकायत सही पाई गई उसके बाद रिश्वतखोर सचिव को बुधवार के दिन टीम ने धरदबोचा। अचानक ट्रेप होते ही सचिव के चेहरे पर हवाइयां उडने लगी।

 कमलापुर गांव के ही रहने वाले सलीम शाह ने उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में पंचायत सचिव ओमप्रकाश सारण के खिलाफ रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में फरियादी सलीम शाह ने बताया कि उसको वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था। प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली व दूसरी किश्त की राशि बैंक खाते में प्राप्त हो चुकी है। तीसरी किश्त की राशि के लिए आवेदक ने सचिव ओमप्रकाश सारण से संपर्क किया तो सचिव ओमप्रकाश ने जियो टैगिंग कर तीसरी किश्त की राशि जारी करवाने के एवज में 5 हजार रुपए की मांग की।

 कार्रवाई में लोकायुक्त पुलिस उज्जैन के डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक इसरार, उमेश जाटव आदि शामिल थे। लोकायुक्त ने आरोपी पंचायत सचिव ओमप्रकाश सारण के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

You may also like